डीएवी क्लस्टर-5 दो दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ, ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब’ का दिया संदेश

झारखंड/बोकारो/कथारा। जीएम ग्राउंड, कथारा में डीएवी विद्यालयों के दो दिवसीय क्लस्टर-5 खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अर्पिता महिला मंडल, कथारा क्षेत्र की अध्यक्ष अपर्णा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएवी झारखंड जोन-1 के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान ने की। मंच संचालन बबलू सर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा ने प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि अपर्णा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल जीवन की सबसे बड़ी पाठशाला है। मैदान में पसीना बहाने वाला विद्यार्थी जीवन की हर चुनौती का सामना करना सीखता है। खेल अनुशासन, टीम भावना, हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करना तथा चरित्र निर्माण की प्रेरणा देता है। आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले दो दिनों तक कथारा की धरती खेल, अनुशासन और आपसी सौहार्द की मिसाल बनेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा जीत का उत्सव और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि “पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब और खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।” उन्होंने कहा कि मैदान में जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। सभी खिलाड़ी यहां पहुंचकर पहले ही विजेता बन चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से डर नहीं, बल्कि जुनून के साथ खेलने का आह्वान किया तथा सभी को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों को पुस्तकों से कहीं अधिक अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क का पाठ पढ़ाते हैं। मैदान में गिरकर दोबारा उठने वाला ही सच्चा खिलाड़ी कहलाता है।

कार्यक्रम में ढोरी परियोजना पदाधिकारी ए.के. तिवारी, डीएवी ढोरी के प्राचार्य निशिकांत कुमार, डीएवी लालपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी सिल्ली के प्राचार्य बुबुन शरण, पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। खेल महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आगाज हुआ।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment