झारखंड/पाकुड़। पाकुड़ जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक मुकाबले में टीम ने लोहरदगा को 1-0 से पराजित कर राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय सफलता पर समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक को सम्मानित किया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों और कोच को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, फुटबॉल तथा पानी की बोतल भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जिंदातो ने बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि जिले के छात्र-छात्राएं लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाकुड़ का नाम रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि जिले के अधिकाधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उभरते खिलाड़ियों के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए। साथ ही खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, आधुनिक खेल उपकरण और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान मध्य विद्यालय जिंदातो की टीम ने अनुशासन, उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, शानदार तालमेल और अदम्य जुझारूपन का परिचय दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपने परिश्रम, समर्पण और टीम भावना के बल पर कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत तथा जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सफलता से विद्यालयों में खेल संस्कृति को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा तथा भविष्य में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








