झारखंड/पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मंगलवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 213, 409 एवं 410 का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला में भाग लेकर बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों का उद्देश्य अब तक संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करना है। उन्होंने बताया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों, डिजिटाइजेशन की प्रगति, सत्यापित एवं मैप किए गए मतदाताओं की संख्या, शेष अनमैप मतदाताओं की स्थिति तथा तैयार की गई एएसडीडी (ASDD) सूची की बीएलए-2 के साथ बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, शंका अथवा आपत्ति सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण करते हुए आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आगामी चरण का पुनरीक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न हो सके।
उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम में संशोधन, विलोपन तथा अन्य सभी आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2 एवं संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2 सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








