विशेष सहयोग शिविर में ग्रामीणों को मिली सरकारी योजनाओं की सौगात, स्वास्थ्य जांच व आयुष्मान कार्ड सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध

बिहार/पूर्वी चंपारण। आदापुर प्रखंड के नकरदेई, हरपुर एवं बेलवा पंचायतों में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के माध्यम से आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, ई-केवाईसी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कीं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में आए लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा 800 से अधिक ग्रामीणों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इसके अलावा महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा दिमागी बुखार (एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम) से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
बेलवा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत के सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शौचालय निर्माण से संबंधित प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी शीघ्र कराया जाएगा।

वहीं, नकरदेई पंचायत के मुखिया राम एकबाल राय ने कहा कि पंचायत में बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
शिविर का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रणधीर कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष सहयोग शिविरों का आयोजन आगे भी नियमित रूप से किया जाएगा।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment