सीतामढ़ी में उच्च शिक्षा को नई उड़ान, नौ राजकीय डिग्री कॉलेजों का हुआ शुभारंभ

बिहार/सीतामढ़ी। बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय–03’ कार्यक्रम के अंतर्गत उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ डिजिटल उद्घाटन किया गया। भागलपुर के गोराडीह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से इन महाविद्यालयों का लोकार्पण कर राज्य में उच्च शिक्षा के नए अध्याय का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सीतामढ़ी जिले को भी बड़ी सौगात मिली। जिले के रुन्नीसैदपुर, सोनबरसा, बाजपट्टी, परसौनी, सुप्पी, चोरौत, नानपुर, बोखरा एवं मेजरगंज प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ हुआ। इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए अब दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

रुन्नीसैदपुर प्रखंड के थुम्मा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, जिलाधिकारी रिची पांडेय, स्थानीय विधायक पंकज मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं अन्य प्रखंडों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि जिले में एक साथ नौ राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का प्रारंभ होना शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा बाधित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन महाविद्यालयों के सुचारु संचालन तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास करेगा।

सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने इसे सीतामढ़ी के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से डिग्री महाविद्यालयों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल को जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment