राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकुड़ का शानदार प्रदर्शन, मध्य विद्यालय जिंदातो की टीम ने जीता कांस्य पदक

झारखंड/पाकुड़। जिले के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। टीम की इस उपलब्धि से जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल (JEPC) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के कांस्य पदक मुकाबले में पाकुड़ की टीम ने लोहरदगा को 1-0 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, बेहतर तालमेल, उत्कृष्ट तकनीकी कौशल तथा अदम्य संघर्षशीलता का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत तथा जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता जिले के अन्य बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी तथा भविष्य में पाकुड़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम और अधिक रोशन करेंगे।

मध्य विद्यालय जिंदातो की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में उत्साह और हर्ष का वातावरण है। यह सफलता न केवल पाकुड़ में खेल संस्कृति को नई दिशा देगी, बल्कि उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगी।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment