राष्ट्रीय खेल दिवस पर पाकुड़ में तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ

झारखंड/पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर पाकुड़ जिले में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम तथा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के प्रथम दिन विभिन्न खेल, जागरूकता एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने संयुक्त रूप से हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के भारतीय हॉकी एवं खेल जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन आज भी खिलाड़ियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर युवाओं को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
खिलाड़ियों के लिए ‘खेल प्रबंधन’ विषय पर संगोष्ठी
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों के लिए ‘खेल प्रबंधन’ विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का संचालन डॉ. प्रो. वैदेश चंद्र लाल दास ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों एवं समस्याओं तथा उनके प्रभावी समाधान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही खेल के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, अनुशासन एवं बेहतर प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल महान खिलाड़ियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने खिलाड़ियों एवं युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा अपनी फिटनेस, स्वास्थ्य एवं शारीरिक क्षमता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत जिले में आगामी दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों एवं अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक खिलाड़ियों, युवाओं एवं आमजनों को खेल से जोड़ने तथा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान को व्यापक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी, विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशिक्षक प्रमोद नांगलिया ने किया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment