पाकुड़ पुलिस को मिले 18 नई मोटरसाइकिल और 14 बोलेरो, अपराध नियंत्रण एवं गश्त को मिलेगी गति

झारखंड/पाकुड़। जिले में अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्त और त्वरित पुलिस कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पाकुड़ पुलिस को 18 नई मोटरसाइकिल और 14 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। गुरुवार को समाहरणालय परिसर से राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निशात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेंब्रम तथा उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से पाकुड़ जिले को कुल 14 बोलेरो और 18 नई मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों का उपयोग जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में पुलिस गश्त, अपराध नियंत्रण तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
नई मोटरसाइकिलों के माध्यम से विशेष रूप से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा घटनास्थल तक पुलिस की त्वरित पहुंच को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। वहीं, बोलेरो वाहनों के माध्यम से पुलिस बल की क्षेत्रीय गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से संबंधित कार्रवाई को और अधिक गति मिलेगी।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पुलिस संसाधनों में हुई इस वृद्धि से जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने की अपेक्षा की।
नई वाहनों के उपलब्ध होने से जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में पुलिस की गतिशीलता, गश्त क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया समय में सुधार होने की उम्मीद है। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्काल पहुंच सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment