झारखंड/पाकुड़/लिट्टीपाड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से रविवार को प्रखंड के गुतु गलांग में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एसआईआर अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं को जागरूक करें तथा दस्तावेजों या अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यदि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाता है तो वह अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित रह सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इस अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाएं।
विधायक ने संगठनात्मक विस्तार पर बल देते हुए कहा कि झामुमो को और अधिक सशक्त बनाने के लिए गांव-गांव तक संगठन का विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना तथा आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का भी आह्वान किया।
बैठक में झामुमो के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष समद अली, प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान एसआईआर अभियान की प्रगति, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








