झारखंड/पाकुड़। नगर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई नगर थाना कांड संख्या 177/26, दिनांक 19 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(क), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियादापुर निवासी सरफराज अंसारी, पिता सिराज अंसारी तथा हरिणडंगा बाजार निवासी अल्ला हुसैन अंसारी, पिता स्वर्गीय बदरुल हक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी किए गए गैस सिलेंडरों की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सरफराज अंसारी ने हरिणडंगा के नया टोला निवासी मुरारी ठाकुर के घर से तथा बड़ी अलीगंज निवासी रंजीत कुमार साहा की रविंद्र चौक स्थित गुमटी का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी किया था।
पूछताछ के दौरान सरफराज अंसारी की निशानदेही पर हरिणडंगा स्थित अल्ला हुसैन की दुकान से चोरी के दो गैस सिलेंडर बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








