झारखंड/पाकुड़। आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस पहल का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।
मंगलवार को पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित जिले के कुल 40 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित एवं स्वस्थ जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। नियमित योग और प्राणायाम से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है।
आयुष विभाग ने आमजन से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाना और समाज को स्वस्थ एवं निरोग बनाना है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








