झारखंड/पाकुड़। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना, यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन की प्रक्रिया को सरल बनाना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह एवं जिला परिवहन कार्यालय के डिस्ट्रिक्ट रोल आउट मैनेजर (डीआरएम) अंकित कुमार ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों, सड़क सुरक्षा नोडल पदाधिकारियों तथा सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों की e-DAR पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि, हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया, ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध ब्रेथ एनालाइज़र के सही उपयोग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर दंड प्रक्रिया तथा कैशलेस उपचार (Cashless Treatment) व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्र में स्थित विद्यालयों, महाविद्यालयों, हाट-बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रत्येक माह कम-से-कम एक बार सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान अवश्य चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कानून के प्रभावी पालन के साथ-साथ आमजन को जागरूक करना भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले का त्वरित एवं जिम्मेदारीपूर्वक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए और पीड़ितों को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








