जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सुनीं आमजन की समस्याएं, समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश

झारखंड/पाकुड़। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस अवसर पर उन्होंने प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जन समाधान दिवस में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में वैधानिक उत्तराधिकारी प्रमाण-पत्र निर्गत करने, आंगनबाड़ी सेविका पद से जुड़े मामलों, सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा कथित अनियमितताओं, भूमि अधिग्रहण के मुआवजा एवं क्षतिपूर्ति भुगतान सहित अन्य जनहित से संबंधित विषय प्रमुख रहे।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी मामलों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की नियमानुसार जांच कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को सुदृढ़ बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इस पहल के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गंभीरता, संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ निष्पादन किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा तथा सुशासन की अवधारणा को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सकेगा।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment